औद्योगिक क्षेत्र की 13 समस्याओं पर मंथन, समाधान का भरोसा
चैंबर हाउस गोंदपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक, एसडीएम ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के दिए निर्देश
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चैंबर हाउस गोंदपुर में मंगलवार को औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम द्विज गोयल ने की, जबकि चैंबर अध्यक्ष सतीश गोयल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में लोक निर्माण, जल शक्ति, वन, विद्युत, नगर परिषद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, श्रम, उद्योग, एनएचएआई और टीसीपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा उद्योगपति उपस्थित रहे। चैंबर अध्यक्ष सतीश गोयल ने पांवटा औद्योगिक क्षेत्र की 13 प्रमुख समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। उन्होंने धारा 118 की अनुमति प्रक्रिया को समयबद्ध करने और फाइलों में सभी आपत्तियां एक साथ बताने की मांग की। बंद औद्योगिक इकाइयों की बिक्री के मामलों में भी शीघ्र अनुमति देने की मांग उठी।
औद्योगिक क्षेत्र में निर्धारित डंपिंग साइट नहीं होने, एनएच-707 पर अनावश्यक स्पीड ब्रेकर, बद्रीपुर-तारुवाला मार्ग पर कट की कमी और बद्रीपुर चौक पर जाम की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। बद्रीपुर चौक से बस व ऑटो स्टैंड को 100 मीटर दूर करने और पीक ऑवर्स में ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग की गई। इसके अलावा ईएसआईसी अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, देवीनगर रोड की खस्ताहालत, ओवरलोडेड ट्रालों पर कार्रवाई, सीवरेज व्यवस्था, ट्रकों के लिए पार्किंग व ट्रांसपोर्ट नगर, बिजली की समस्या, आवारा पशुओं और अधूरी पुलिया जैसे मुद्दे भी उठाए गए। एसडीएम ने अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
