क्या खिलाडिय़ों को पता था उन्होंने कॉकरोच वाली चाय पी, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को हाईकोर्ट की फटकार
रेस्तरां में साफ-सफाई न होने का आरोप
एजेेंसियां— मुंबई
क्या खिलाडिय़ों को पता था कि वे कॉकरोच और मक्खियों वाली ‘नॉन वेज’ चाय पी रहे हैं? यह सवाल मुंबई हाईकोर्ट ने मंगलवार मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से पूछा। एमसीए मुंबई शहर में क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था है। उसके ऑफिस परिसर में पांच रेस्तरां हैं, जहां खिलाड़ी खाते-पीते हैं। हाईकोई इन रेस्तरां में साफ-सफाई न होने की शिकायत पर सुनवाई कर रहा है। कोर्ट ने फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन को इन रेस्तरां का दोबारा निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण में एमसीए के किचन में कॉकरोच और मक्खियां, गंदा फर्श और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिली थीं। दरअसल, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने एफडीए की कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। एफडीए ने एमसीए के पांच रेस्तरांके लाइसेंस सस्पेंड किए थे।
इन रेस्तरां के लाइसेंस एमसीए के नाम पर थे, जबकि संचालन एक निजी कंपनी शिर्के इंफ्रास्ट्रक्चर कर रही थी। हाईकोर्ट ने एफडीआई की कार्रवाई की सराहना भी की। कोर्ट ने कहा कि फूड सेफ्टी को लेकर ऐसी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए। हालांकि, बेंच ने यह भी कहा कि रेस्तरां अपनी कमियां दूर कर लें तो लाइसेंस सस्पेंशन को आगे नहीं खींचना चाहिए।
सुधार का मौका मिलना चाहिए था
एमसीए की ओर से सीनियर वकील विक्रम नानकानी ने कहा कि लाइसेंस सस्पेंड करने से पहले एफडीए को ‘इम्प्रूवमेंट नोटिस’ देना चाहिए था। इससे कमियां दूर करने का मौका मिलता। कोर्ट ने इस दलील को नहीं माना। बेंच ने कहा कि जब निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आती है, तो एफडीए तत्काल लाइसेंस सस्पेंड कर सकता है।
कॉकरोच-मक्खियां हैं, तो यह ‘नॉन वेज चाय’ हुई
एमसीए के वकील ने कहा कि रेस्तरां बंद होने से क्रिकेटर्स को चाय तक नहीं मिल पा रही है। इस पर एक्टिंग चीफ जस्टिस रवींद्र घुगे ने कहा कि जब किचन में मक्खियां और कॉकरोच हैं, तो यह ‘नॉन-वेजीटेरियन चाय’ हुई। क्या खिलाडिय़ों को पता है कि वे कैसी चाय पी रहे हैं? कोर्ट ने खिलाडिय़ों के लिए अस्थायी तौर पर चाय और कॉफी की वेंडिंग मशीन लगाने की अनुमति दे दी।
29 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने एफडीए को एमसीए और निजी कंपनी के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट की वैधता पर भी विचार करने को कहा है। एफडीए को रेस्तरां की दोबारा जांच करनी होगी। मामले की अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
