खुशीनगर में बदहाल सडक़ बनी खतरा

By: Aug 26th, 2026 12:02 am

बरसात ने खोली मार्ग की पोल, जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी कोलतार बनी खतरा

कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर नूरपुर शहर के खुशीनगर में बरसात के पानी के कारण सडक़ की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फोरलेन सडक़ परियोजना के तहत खुशीनगर में नूरपुर बाइपास से लेकर फोरेस्ट कॉरपोरेशन के डिपो तक सडक़ के दोनों ओर कई जगहों पर गड्ढे पड़ गए हैं और कोलतार व बजरी उखड़ चुकी है। सडक़ की जर्जर हालत के कारण यहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सडक़ किसी चुनौती से कम नहीं है। जगह-जगह पड़े गड्ढों और उखड़ी हुई कोलतार-बजरी के कारण दोपहिया वाहन के फिसलने से दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बरसात के दौरान सडक़ पर पानी जमा होने से स्थिति और भी खराब हो जाती है।

वाहनों के गुजरने पर सडक़ का गंदा पानी राहगीरों और दुकानदारों पर पड़ता है, जिससे उनके कपड़े खराब होने के साथ-साथ उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, मौसम साफ होने पर सडक़ से उडऩे वाली धूल भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और सडक़ के साथ लगते दुकानदारों को धूल के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खुशीनगर नूरपुर शहर का महत्वपूर्ण क्षेत्र हैए जहां बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक परिसर हैं। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और प्रशासन से सडक़ की हालत जल्द सुधारने तथा गड्ढों और उखड़ी सडक़ की मरम्मत करवाने की मांग की है। इस बारे एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने बताया कि उक्त सडक़ मार्ग को जल्द ठीक करवाने के लिए एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App