दस साल से बंद नगर परिषद की दर्जनों दुकानों की होगी नीलामी

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक के बेसमेंट में जर्जर हो रही दुकानों से हटेगा कब्जा, सफाई के बाद शुरू होगा किराए का सिलसिला

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
नगर परिषद पांवटा साहिब की विश्वकर्मा चौक स्थित वार्ड-आठ की दर्जनों दुकानें करीब एक दशक से बंद पड़ी थीं। रखरखाव के अभाव में दुकानें जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो रही थीं, जबकि पूरा बेसमेंट कूड़े का ढेर बन गया था। लोगों के अनुसार यह स्थान नशेडियों, जुआरियों और असामाजिक तत्त्वों का ठिकाना बन गया था। शिकायतों के बाद एसडीएम द्विज गोयल ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बेसमेंट की स्थिति का जायजा लेकर सभी दुकानों की शीघ्र नीलामी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को लंबे समय तक बंद रखना उचित नहीं है। नीलामी के बाद नगर परिषद को इन दुकानों से नियमित किराया मिलेगा, जिससे उसकी आय बढ़ेगी और इसे शहर के विकास कार्यों पर खर्च किया जा सकेगा। साथ ही बेसमेंट की सफाई करवाकर दुकानों को उपयोग में लाया जाएगा। दुकानों के खुलने से क्षेत्र में दिन-रात आवाजाही बढ़ेगी, जिससे असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा। एसडीएम ने बताया कि नीलामी की तिथि, आरक्षित मूल्य और नियमों की जानकारी नगर परिषद के सूचना पट्ट, स्थानीय समाचार पत्रों और आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की
जाएगी। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन के निर्णय की सराहना की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App