व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर जनता पर लगातार ढाया जा रहा आर्थिक अत्याचार: संजीव शर्मा

By: Aug 13th, 2026 11:56 am

धर्मशाला: संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा भाजपा के सह-प्रभारी व ​हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-इंचार्ज संजीव शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि सुक्खू सरकार अपने जनविरोधी फैसलों से आम जनता की कमर तोड़ने में जुटी है। सत्ता में आने से पहले जनता को बड़ी-बड़ी गारंटियों का झांसा देने वाली कांग्रेस पार्टी का असली और दोगला चरित्र अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। सरकार का एक ही काम रह गया है—जनता की जेब पर डाका डालना और रोज नए-नए टैक्स थोपकर लोगों का जीना मुहाल करना।

​संजीव शर्मा ने कहा कि जनवरी 2023 से लेकर अब तक इस नकारा सरकार ने राज्य स्तर पर पेट्रोल और डीजल पर तीन-तीन बार कर बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ लाद दिया है। जनवरी 2023 में अधिसूचना संख्या EXN-F(10)-80/2021 के जरिए डीजल पर वैट की दर को 4.40 रुपए से सीधे बढ़ाकर 7.40 रुपए प्रति लीटर किया गया, जिससे 3 रुपए प्रति लीटर की सीधी वृद्धि हुई। इसके बाद जुलाई 2023 में जनता के जख्मों पर नमक छिड़कते हुए डीजल पर वैट फिर से 3 रुपए बढ़ाकर 10.40 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया। वर्ष 2023 में ही केवल डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर का अतिरिक्त डाका डालकर माल ढुलाई, खेती-किसानी और दैनिक आवागमन को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

​अब अगस्त 2026 में कांग्रेस सरकार ने अपनी कर-वसूली का नया पैंतरा निकाला है। वैट कानून में गुपचुप संशोधन कर पेट्रोल और डीजल पर ‘अनाथ एवं विधवा सेस’ के नाम पर नया कर ठोक दिया गया है। 11 अगस्त 2026 के आदेशानुसार 12 अगस्त से दोनों ईंधनों पर 60 पैसे प्रति लीटर का अतिरिक्त बोझ लाद दिया गया है, जबकि कानून में इसे 5 रुपए प्रति लीटर तक वसूलने की क्रूर छूट रखी गई है। इतना ही नहीं, राज्य में पेट्रोल पर 17.5 प्रतिशत की दर से लागू एड-वैलोरम वैट के कारण जब भी तेल कंपनियां 1 रुपए बढ़ाती हैं, तो हिमाचल की जनता पर असल बोझ 1.18 रुपए का पड़ता है, और यह 60 पैसे का नया सेस इस पूरी महंगाई पर अलग से आग में घी का काम कर रहा है।

​भाजपा नेता ने कहा कि यह सरकार केवल तेल पर ही नहीं रुकी है, बल्कि हर क्षेत्र में जनता का खून चूस रही है। आज प्रदेश में बिजली की दरें बढ़ा दी गई हैं, पीने का पानी महंगा कर दिया गया है, जमीन के पर्चे, रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में अप्रत्याशित बढ़ोतरी करके आम इंसान से घर और जमीन का सपना भी छीना जा रहा है। कांग्रेस सरकार की इस नालायकी और जनविरोधी नीतियों का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है। ​संजीव शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता हथियाने वाली कांग्रेस सरकार के इस जनविरोधी और दोगले रवैये को हिमाचल की जनता कभी माफ नहीं करेगी। भारतीय जनता पार्टी जनता के हक की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी और सरकार को ये तुगलकी फैसले वापस लेने पर मजबूर करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App