हर पात्र परिवार तक योजनाएं पहुंचाने पर जोर

By: Aug 13th, 2026 12:50 am

पास्सू में बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद, देवेंद्र जग्गी ने योजनाओं की दी जानकारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
सरकार द्वारा गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संवाद कार्यक्रम के तहत बुधवार को पास्सू में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धर्मशाला क्षेत्र की 11 पंचायतों के 8 चरणों में चयनित बीपीएल परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं सहायता कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे तौर पर जानना रहा।

कार्यक्रम में पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने उपस्थित बीपीएल परिवारों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी पात्रता के अनुसार लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

योजनाओं का उठाएं लाभ
सहायक उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित बीपीएल परिवारों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विभिन्न विभागों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, पात्रता शर्तों, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र परिवार निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें और सहायता का लाभ उठाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App