पंचकूला में हक के लिए गरजे कर्मचारी, मुलाजिमों ने डीएसई ऑफिस का किया घेराव; वादाखिलाफी का जड़ा आरोप

By: Aug 26th, 2026 12:06 am

मुलाजिमों ने डीएसई ऑफिस का किया घेराव; वादाखिलाफी का जड़ा आरोप, मांगें मनवाने पर अड़े, जल्द मांगा समाधान

निजी संवाददाता- पंचकूला

हरियाणा एजूकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के सदस्यों ने मंगलवार को पुलिस को चकमा देकर डीएसई ऑफिस का घेराव कर दिया। शुरुआत में पुलिस को बताया गया था कि कर्मचारियों का केवल एक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मुलाकात करने पहुंच रहा है, लेकिन कुछ ही देर में बड़ी संख्या में क्लर्क और अन्य मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी कार्यालय पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को अधिकारियों से बातचीत कराने का प्रस्ताव दिया। इस दौरान बताया गया कि डायरेक्टर एक मीटिंग के सिलसिले में कार्यालय से बाहर हैं। इसके बाद एसोसिएशन प्रतिनिधियों की डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारी से बातचीत हुई। वहीं, बैठक में आश्वासन दिया गया कि 15 सितंबर को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की डायरेक्टर से मुलाकात करवाई जाएगी।

इस बैठक में कर्मचारियों के 11 सूत्रीय मांगपत्र और अन्य लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। वहीं, राज्य प्रधान संदीप सांगवान ने बताया कि विभाग में ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव पोर्टल करीब 6 साल से नहीं चलाया गया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं, लेकिन उन पर पदोन्नति नहीं की जा रही। एसोसिएशन ने मांग की कि रिक्त पदों को जल्द पदोन्नति से भरा जाए और बढ़ते कामकाज के अनुसार नए पद स्वीकृत किए जाएं। एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में शक्तियों का विकेंद्रीकरण शामिल है। कर्मचारियों ने मांग रखी कि आहरण एवं वितरण अधिकारियों को एसीपी और सीसीएल मंजूर करने की अनुमति दी जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर इसका लाभ मिल सके। कर्मियों ने जल्इ इसका समाधान मांगा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App