रफी नाइट में गूंजे सदाबहार नगमे, स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां
गायन प्रतियोगिता में अनिल भंसांटा ने जीता रफी अवॉर्ड, ओजस्विता बनीं लता अवॉर्ड विजेता
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन में संगीत प्रेमियों के लिए आयोजित रफी नाइट में स्थानीय कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर के सदाबहार गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इस दौरान नगर निगम सोलन के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत, पार्षद सुरेंद्र शर्मा, समाजसेवी विनय बंसल, मुकेश गुप्ता, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा, कांग्रेस नेता जतिन साहनी और विजय पुरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। गायन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में अनिल भंसांटा ने प्रथम स्थान हासिल कर रफी अवॉर्ड अपने नाम किया। सतिंदर दूसरे और अरमान तीसरे स्थान पर रहे, जबकि दिवेश कश्यप को सांत्वना पुरस्कार मिला।
महिला वर्ग में ओजस्विता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर लता अवॉर्ड जीता। निधि दूसरे और शिवानी तीसरे स्थान पर रहीं। मनीषा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को 11 हजार रुपए तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। गायन प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल सोहन सिंह, विक्रम संधू और रमणीक घुमन ने संभाला। प्रतिभागियों का मूल्यांकन आवाज, सुर, ताल, प्रस्तुति और गीत चयन के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में नृत्य प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। जूनियर वर्ग में रिदिरिका, आरोही और एलिस ने स्थान हासिल किया, जबकि विशाना और जीना को सांत्वना पुरस्कार मिला। सीनियर वर्ग में तन्या, अरिन और समयरा ने बेहतर प्रदर्शन किया। ग्रुप डांस में मायरा एंड ग्रुप, आद्या एंड तेजस्वी ग्रुप और मासूम ग्रुप ने प्रस्तुतियां दीं। आर्मी स्कूल डगशाई को सांत्वना पुरस्कार मिला। उदय फोरम के प्रधान रविंदर कंवरपाल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाने के साथ संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
