नाइट-ओवरटाइम भत्ता न मिलने पर भडक़ी ड्राइवर यूनियन

By: Aug 25th, 2026 12:02 am

बैठक में कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर खोला मोर्चा, जल्द ही एचआरटीसी प्रबंधन से होगी मुलाकात

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
हिमाचल पथ परिवहन निगम ड्राइवर यूनियन की तीन दिवसीय त्रैमासिक बैठक के अंतिम दिन प्रदेशभर से पहुंचे करीब 300 से 400 चालकों ने कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं पर चर्चा की। एचआरटीसी वर्कशॉप नालागढ़ के समीप मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने की जबकि प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर और प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने निगम प्रबंधन व प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 24 जून 2026 को एसीएस आरडी नजीम के साथ हुई बैठक में 10 जुलाई तक एक साल का नाइट व ओवरटाइम भत्ता तथा एक वर्दी की राशि देने की बात कही गई थीए लेकिन 24 अगस्त तक भी यह वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार बंद नहीं किया गया तो संगठन को कोई ठोस कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। राजेंद्र कुमार ने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और चालकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि निगम ने इलेक्ट्रिक बसें तो खरीद ली हैं लेकिन कई वर्षों से पर्याप्त संख्या में चालकों की भर्ती नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कई इलेक्ट्रिक बसें स्थानीय रूटों पर संचालन के अनुरूप नहीं हैं, जिससे चालकों को परेशानी पेश आ रही है। यूनियन ने मांग की कि कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि चालक ड्यूटी के दौरान स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर जल्द ही एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा जाएगा।

ये-ये रहे मौजूद

इस मौके पर प्रदेश महासचिव गंगा राम ठाकुर, संगठन मंत्री बाल किशन, मुख्य सलाहकार पदम सिंह, राकेश कुमार, फतेह सिंह जीवन राणा, रणजीत सिंह, चमन लाल, संत राम, धर्मेंद्र कुमार किशन देवए सुरेंद्र राणा, अमर चंद, जगीर सिंह, प्रकाश चंद, राज कुमार, अमर नाथ, ओमशंकर देशराज और धर्मवीर समेत अन्य पदाधिकारी व चालक मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App