सितंबर में फिर होगी परीक्षा, यूजीसी नेट अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, केंद्र ने कोर्ट को दी जानकारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र में गलतियों की शिकायत मिलने के बाद तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराई जा रही है। इनमें समाजशास्त्र भी शामिल है। केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जस्टिस जसमीत सिंह ने एक उम्मीदवार की याचिका का निपटारा कर दिया।
इस उम्मीदवार ने 30 जून को समाजशास्त्र की परीक्षा दी थी और पेपर लीक के आरोपों की स्वतंत्र जांच होने तक परिणाम जारी नहीं करने की मांग की थी। एसजी ने याचिका पर सुनवाई शुरू होते ही यह जानकारी दी। याचिका में मांग की गई थी कि जब तक पेपर लीक के आरोपों की स्वतंत्र जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक परीक्षा का परिणाम जारी न हो।
तीन विषयों की होगी परीक्षा
सॉलिसिटर जनरल ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि अंग्रेजी और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर, 2026 को होगी, जबकि समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा दोबारा कराने का फैसला हो चुका है, इसलिए याचिका में अब कोई मांग बाकी नहीं है। कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल के बयान को दर्ज करते हुए याचिका का निपटारा कर दिया। बता दें कि एनटीए ने जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी में एडमिशन के लिए यूजीसी नेट जून, 2026 परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों में आयोजित की थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
