बडोह-बसूनी पेयजल योजना में पांच फुट पानी भरा

By: Aug 20th, 2026 12:02 am

निजी संवाददाता,चुरुडू
मानसून की पहली भारी बारिश ने जल शक्ति विभाग की बडोह-बसूनी पेयजल योजना की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपमंडल अंब के तहत ठठल और बेहड़ जसवां की सीमा पर जसवाल खड्ड के किनारे स्थापित यह महत्वपूर्ण पेयजल योजना भारी बारिश के कारण जलमग्न हो गई। पंप हाउस के अंदर करीब पांच फीट तक पानी भर जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। इससे योजना पर निर्भर कई गांवों में पेयजल संकट गहराने की आशंका पैदा हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह इरिगेशन की पुरानी योजना है और इसे स्थापित किए जाने के बाद क्षेत्र में सडक़ का निर्माण एवं स्तर ऊंचा हो गया। सडक़ ऊंची होने के कारण बारिश के पानी की निकासी का रास्ता बाधित हो गया।

ऐसे में तेज बारिश के दौरान पानी की निकासी न होने से बरसाती पानी सीधे योजना के परिसर और पंप हाउस में घुस गया। मूसलाधार बारिश के बाद जसवाल खड्ड और आसपास के नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव के साथ बड़ी मात्रा में पानी पेयजल योजना के परिसर में पहुंच गया। पंप हाउस के भीतर करीब पांच फीट पानी भरने से वहां लगी मशीनरी, विद्युत पैनल और अन्य उपकरण पानी की चपेट में आ गए। इससे योजना से पेयजल उठाने और आगे आपूर्ति करने की व्यवस्था ठप हो गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App