झाड़माजरी में कूड़े ने खोली पोल, मच्छरों का खतरा
टैक्स का नोटिस, सफाई का टोटा; कूड़े के ढेरों से भडक़े लोग, सफाई एजेंसी की कार्यप्रणाली जांचने की उठी मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और उद्योगपतियों में रोष बढ़ता जा रहा है। बीबीएनडीए कार्यालय से करीब एक किलोमीटर के दायरे में ही जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। एलेम्बिक चौक, अपना घर अपार्टमेंट और झाड़माजरी बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर कचरा जमा है। लोगों का आरोप है कि सफाई का जिम्मा संभाल रही जेबीआर एजेंसी नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठा रही है, जिससे दुर्गंध और बरसात में मच्छरों का खतरा बढ़ गया है। ग्राम पंचायत बरोटीवाला के पूर्व उपप्रधान हितेंद्र शर्मा सहित स्थानीय लोगों ने कहा कि समस्या को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
लोगों ने कहा कि झाड़माजरी नगर निगम के अधीन है और उन्हें टैक्स के नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं, लेकिन सफाई जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही। औद्योगिक क्षेत्र में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में सफाई व्यवस्था बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों ने सरकार, नगर निगम और बीबीएनडीए से सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है। नगर निगम के एक्सईएन सुमित आजाद ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर है। जल्द सफाई एजेंसी से बात कर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर
स्थानीय लोगों ने सरकार, नगर निगम और बीबीएनडीए से सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है। नगर निगम के एक्सईएन सुमित आजाद ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर है। जल्द संबंधित सफाई एजेंसी से बात कर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
