शब्द गौतम टीम इंडिया के कप्तान, बरठीं के होनहार वर्ल्ड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का नाम करेंगे रोशन

By: Aug 19th, 2026 10:10 pm

स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं

बिलासपुर के बरठीं क्षेत्र के रियाणा गांव के होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी शब्द गौतम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल और बिलासपुर का नाम रोशन किया है। दोहा, कतर में आयोजित हो रही अंडर-17 वल्र्ड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में शब्द गौतम भारतीय वॉलीबॉल टीम का हिस्सा ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं। विश्व के 24 देशों की टीमें इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में दमखम दिखा रही हैं और ऐसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की कमान हिमाचल के इस युवा खिलाड़ी के हाथों में होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।

शब्द गौतम सुपुत्र पंकज गौतम अपने दादा वासुदेव को प्रेरणा स्रोत मानते हैं। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर गांव से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है। शब्द गौतम की इस शानदार उपलब्धि पर भारतीय वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष विरेंद्र कंवर, अनिल पटियाल, निशांत गौतम, संजय चंदेल, राजेश गौतम, राजेश चंदेल, संजीव पटियाल, विनोद कुमार सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App