गावस्कर ने IPL ट्रेड पर उठाया सवाल, बोले, खिलाडिय़ों की डील की रकम पब्लिक हो, तभी सैलरी कैप पर रहेगी नजर
पूर्व भारतीय कप्तान बोले; खिलाडिय़ों की डील की रकम पब्लिक हो, तभी सैलरी कैप पर रहेगी नजर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने आईपीएल में खिलाडिय़ों के ट्रेड को लेकर पूरी फाइनांशियल डिटेल सार्वजनिक करने की मांग की है। गावस्कर का कहना है कि जब कोई खिलाड़ी एक फ्रेंचाइजी से दूसरी टीम में ट्रेड होता है, तो उसकी डील की रकम भी पब्लिक डोमेन में होनी चाहिए। इससे सभी फ्रेंचाइजियों को यह पता रहेगा कि टीमों ने तय सैलरी कैप का पालन किया है या नहीं। गावस्कर ने कहा कि किसी खिलाड़ी के ट्रेड की रकम की जानकारी दोनों फ्रेंचाइजियों, खिलाड़ी और बोर्ड को होती है। बाकी टीमों को इस डील की पूरी फाइनांशियल जानकारी नहीं मिलती।
इससे दूसरी फ्रेंचाइजियों के लिए यह जांचना मुश्किल हो जाता है कि किसी टीम ने तय सैलरी कैप के भीतर रहकर ट्रेड किया है या नहीं। इसलिए ट्रेड की रकम को सार्वजनिक करना पारदर्शिता के लिए जरूरी है। आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग है, इसलिए इसके कामकाज में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। ट्रेड की रकम सार्वजनिक होने से सभी फ्रेंचाइजियों को एक जैसी जानकारी मिलेगी और लीग के नियमों को लेकर उठने वाले सवालों को कम किया जा सकेगा।
ऋषभ पंत-कुलदीप यादव का हुआ ट्रेड
2026 सीजन से पहले संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रेड हुए थे। उनकी लीग फीस 18 करोड़ रुपए बताई गई थी। 2026 सीजन खत्म होने के बाद ऋषभ पंत और कुलदीप यादव का भी ट्रेड हुआ। पंत लखनऊ से दिल्ली कैपिटल्स लौटे, जबकि कुलदीप दिल्ली से लखनऊ में चले गए। आईपीएल के मुताबिक पंत की नई फीस 15 करोड़ और कुलदीप की 13.50 करोड़ रुपए है।
हार्दिक पांड्या के ट्रेड की सिर्फ अटकलें
मुंबई के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर भी टीम बदलने की अटकलें चल रही हैं। हालांकि, अभी उनके मुंबई छोडऩे की कोई घोषणा नहीं हुई है। हार्दिक 2024 सीजन से पहले गुजरात से ट्रेड होकर मुंबई में आए थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
