ब्यास की लहरों के ऊपर बनेगा कांच का पुल, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नादौन में ग्लास स्काई वॉक बनाने की तैयारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर
देश के सिक्किम स्थित पेलिंग ग्लास स्काईवॉक, बिहार के राजगीर ग्लास ब्रिज, आंध्र प्रदेश व केरल के ग्लास ब्रिज की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश के नादौन में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्लास स्काई वॉक (कांच के पुल) का निर्माण किया जाएगा। नादौन में ब्यास नदी के ऊपर बनने वाले प्रदेश के इस पहले ग्लास स्काई वॉक पर करीब 70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली महत्त्वाकांक्षी राफ्टिंग कांप्लेक्स परियोजना निचले हिमाचल के पर्यटन को नई पहचान देगी। बताया जा रहा है कि इस परियोजना में आधुनिक टनल एक्वेरियम भी बनाया जाएगा। नादौन स्थित पुराने एसडीएम कार्यालय के समीप ब्यास नदी के किनारे बनने वाला पांच मंजिला राफ्टिंग कांप्लेक्स प्रदेश की सबसे आधुनिक पर्यटन परियोजनाओं में शामिल होगा। कांप्लेक्स की सबसे ऊपरी मंजिल से 21 मीटर लंबा ग्लास स्काई वॉक बनाया जाएगा, जो करीब 25 मीटर की ऊंचाई पर ब्यास नदी के ऊपर तक पहुंचेगा। पारदर्शी फर्श वाले इस कांच के पुल पर चलते हुए पर्यटक नीचे बहती ब्यास की लहरों और आसपास की प्राकृतिक वादियों को निहार सकेंगे।
इसी मंजिल पर आधुनिक रेस्टोरेंट भी विकसित किया जाएगा, जहां से नदी और पहाड़ों का विहंगम दृश्य दिखाई देगा। माना जा रहा है कि इससे नादौन साहसिक और मनोरंजक पर्यटन के रूप में विकसित होगा। एशियन डिवेलपमेंट बैंक समर्थित इस परियोजना के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी होने की बात कही जा रही है। वहीं मनोहर लाल, प्रोजेक्ट मैनेजर, एडीबी परियोजना (कांगड़ा/हमीरपुर) ने बताया कि परियोजना के डिजाइन को अंतिम रूप दे दिया गया है। यह प्रोजेक्ट निचले हिमाचल में पर्यटन को नई ऊंचाइयां देने वाला साबित होगा।
घाट का होगा सौंदर्यीकरण
इस परियोजना में 150 वाहनों की पार्किंग, राफ्टिंग के लांचिंग व लैंडिंग प्वाइंट, चेंजिंग रूम, लॉकर, दो प्रशिक्षण हाल, राफ्टिंग म्यूजियम, इंटरप्रिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था होगी। घाट का सौंदर्यीकरण होगा और आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
