नेशनल खेलेंगी हमीरपुर की अर्निका ठाकुर, अंडर-13 चेस में स्टेट चैंपियन

By: Aug 25th, 2026 9:49 pm

सुजानपुर। जिला हमीरपुर की होनहार खिलाड़ी अर्निका ठाकुर ने शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। अंडर-13 चेस वर्ग में अर्निका ठाकुर ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है।

अब अर्निका राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। गांव सगरोह, समीरपुर निवासी अर्निका ठाकुर पुत्री संजीव ठाकुर ने शानदार उपलब्धि के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और उनकी धर्मपत्नी शीला धूमल से समीरपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता पुडुचेरी में तीन सितंबर से नौ सितंबर तक खेली जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App