भारी बारिश ने रोकी पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेवा, चार ट्रेनें रद्द

By: Aug 19th, 2026 8:10 pm
kangra News

कांगड़ा घाटी में मौसम का कहर; नैरो गेज ट्रेनें अगले आदेश तक बंद, ट्रैक की सुरक्षा के लिए रेल सेवा पर ब्रेक

टीम – बैजनाथ, नगरोटा सूरियां
कांगड़ा घाटी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज रेल सेवा पर ब्रेक लगा दिया है। बारिश के कारण रेल मार्ग की सुरक्षा प्रभावित होने के चलते उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने इस रेल सेक्शन पर संचालित सभी नैरो गेज ट्रेनों का संचालन 19 अगस्त से तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इससे बैजनाथ-पपरोला-जोगिंद्रनगर और कोपरलाहड़ सहित रेल मार्ग से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उत्तर रेलवे जम्मू मंडल की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कांगड़ा घाटी में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज रेल मार्ग की सुरक्षा प्रभावित हुई है। भारी बारिश के दौरान रेल सेक्शन के विभिन्न स्थानों पर पेड़ों के गिरने और बोल्डर आने की घटनाएं सामने आई हैं।

इसके अलावा कई स्थानों पर पटरी के समीप मलबा आने तथा जलभराव की स्थिति पैदा होने से ट्रैक की स्थिरता पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। रेलवे ने यात्रियोंए रेल कर्मचारियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी ट्रेनों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मौसम और ट्रैक की स्थिति सामान्य होने तथा प्रभावित हिस्सों का आवश्यक निरीक्षण और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही रेल सेवा को दोबारा शुरू किया जाएगा। उत्तर रेलवे ने रेल सेवाओं के अस्थायी निलंबन से यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों से सहयोग की अपील की है।उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेल यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के संचालन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसके लिए यात्री रेलवे की सहायता सेवा के लिए 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैजनाथ-पपरोला से जुड़ी चार ट्रेनें रद्द

ट्रेन संख्या 52473 बैजनाथ पपरोला से जोगिंद्रनगर, ट्रेन संख्या 52472 जोगिंद्रनगर से बैजनाथ पपरोला, ट्रेन संख्या 52464 बैजनाथ-पपरोला से कोपरलाहड़, ट्रेन संख्या 52469 कोपरलाहड़ से बैजनाथ-पपरोला इन ट्रेनों के रद्द होने से बैजनाथ-पपरोला क्षेत्र के उन यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी, जो रोजमर्रा की यात्रा के लिए नैरो गेज रेल सेवा पर निर्भर रहते हैं। कांगड़ा की रेललाइन स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी महत्त्वपूर्ण परिवहन माध्यम है।

युद्धस्तर पर निरीक्षण-मरम्मत कार्य

रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने प्रभावित रेल मार्ग पर निरीक्षण और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। रेल कर्मचारियों द्वारा उन स्थानों का जायजा लिया जा रहा है, जहां पेड़ और बोल्डर गिरने, मलबा आने अथवा जलभराव के कारण ट्रैक प्रभावित हुआ है। रेलवे के अनुसार प्रभावित स्थानों से गिरे हुए पेड़ों और बोल्डरों को हटाने के साथ.साथ ट्रैक की सुदृढ़ता की जांच की जा रही है। इसके अलावा जहां आवश्यक हैए वहां अन्य सुरक्षा उपाय भी किए जा रहे हैं। रेलवे का कहना है कि ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्री रेल सेवा बहाल की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App