भारी बारिश से रछोल गांव के 20 घरों का संपर्क टूटा

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

गांव को जोडऩे वाला एकमात्र लिंक मार्ग भूस्खलन की चपेट में आया, आना-जाना हुआ बंद

कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
ग्राम पंचायत छपरोंह कलां के गांव रछोल में भारी बारिश के कारण सडक़ ध्वस्त होने से करीब 20 घरों का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। गांव को जोडऩे वाला एकमात्र लिंक मार्ग भूस्खलन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ग्रामीणों के लिए आवाजाही की समस्या गंभीर हो गई है। गांववासियों हुक्म सिंह, अमित कुमार, प्यार चंद, विक्रम सिंह, रामकिशन, मान चंद, संजीव कुमार, रामपाल, राजीव कुमार, भोला नाथ, बालकिशन, शिव कुमार, बलदेव, वतन सिंह, लेखराज, प्रितम, अंजू, सुभाष चंद आदि ने बताया कि लगातार हुई भारी बारिश के कारण गांव को मुख्य सडक़ से जोडऩे वाला एकमात्र लिंक मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। भूस्खलन के कारण डंगे समेत करीब 40 मीटर लंबी सडक़ पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार सडक़ के ध्वस्त होने से गांव में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

इससे रोजमर्रा के कामकाज के लिए बाहर जाने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उन्होंने बताया कि यह मार्ग गांव के लोगों के लिए आवाजाही का प्रमुख और एकमात्र साधन है। ऐसे में सडक़ के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारी बारिश के कारण सडक़ के साथ लगा डंगा भी बह गया है, जिससे मार्ग का बड़ा हिस्सा पूरी तरह से समाप्त हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का शीघ्र निरीक्षण करवाकर सडक़ का पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मार्ग को बहाल नहीं किया गया तो परेशानी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App