डीहर मोड़ पर खिसकी पहाड़ी, बड़ी गाडिय़ों के लिए सडक़ बंद

By: Aug 20th, 2026 12:01 am

एक साल पहले भी हुआ था भूस्खलन; अब तक नहीं लगा डंगा, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र परेशान

स्टाफ रिपोर्टर- घुमारवीं
उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत मोरसिंघी के डिहर मोड़ के समीप तेज बारिश के चलते एक बार फिर भूस्खलन हो गया। भू-स्खलन के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। फिलहाल छोटे वाहन ही इस मार्ग से निकल पा रहे हैं। सडक़ प्रभावित होने से क्षेत्र के स्कूल.कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार डिहर मोड के पास भूस्खलन की समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर पहाड़ी खिसकने से सडक़ प्रभावित हुई थी।

उस समय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सडक़ को सुरक्षित करने के लिए डंगा लगाने की मांग की थी, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी यहां डंगे का निर्माण नहीं हो पाया। अब तेज बारिश के साथ दोबारा भूस्खलन होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष भूस्खलन के बाद यदि विभाग ने समय रहते डंगा लगा दिया होता तो इस बार सडक़ की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। बरसात शुरू होते ही पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में सडक़ के किनारे सुरक्षा दीवार नहीं होने से हर बारिश में लोगों को डर के बीच सफर करना पड़ता है। वर्तमान में बड़े वाहनों की आवाजाही बंद होने से क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। छोटे वाहन किसी तरह निकल रहे हैं। सडक़ प्रभावित होने का सीधा असर स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों पर पड़ा है। बड़े वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण बसों और अन्य यातायात साधनों पर असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग कुठेड़ा से मांग की है कि सडक़ पर भूस्खलन वाले स्थान का स्थायी समाधान किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App