Honda ADV160 और Rebel 300 भारत में लांच, जानें कीमत और बुकिंग की पूरी डिटेल
नई दिल्ली। जापानी कंपनी होंड मोटर्स की दुपहिया बनाने वाली भारतीय इकाई होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने अपने दो नए मॉडलों ADV160 और रिबेल 300 की कीमतों की घोषणा कर दी है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि बेंगलुरु में होंडा एडीवी160 की एक्स-शोरूम कीमत 1,70,000 रुपए, होंडा रिबेल 300 स्टैंडर्ड की 2,22,000 रुपए और होंडा रिबेल 300 ई-क्लच की 2,62,000 रुपए होगी। ये जुलाई 2026 में पेश किए गए कंपनी के 10-उत्पाद पोर्टफोलियो के पहले चरण का हिस्सा हैं। इनके लिए बुकिंग आज से ही खोल दी गई है, जबकि डिलीवरी अक्टूबर के मध्य से शुरू होगी। ग्राहक मात्र पांच हजार रुपये देकर बुकिंग करा सकते हैं।
एचएमएसआई की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एडवांस्ड मोबिलिटी टेक्नोलॉजी, फ्लेक्स-फ्यूल इनोवेशन और अलग-अलग लाइफस्टाइल अनुभवों के जरिये ये मॉडल ग्राहकों के विकल्प बढ़ाने के साथ भारतीय राइडर्स की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किये गए हैं। होंडा एडीवी160 कंपनी का पहला फ्लेक्स-फ्यूल स्कूटर है। यह भारत में एडवेंचर-स्कूटर मोबिलिटी की एक नयी कैटेगरी पेश करता है। स्कूटर में ई85 (85 प्रतिशत एथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल) तक का इस्तेमाल बिना किसी परेशानी के किया जा सकता है।
होंडा रिबेल 300 होंडा के लाइफस्टाइल मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो को विस्तार देता है। ग्लोबल डिजाइन से प्रेरित यह क्रूजर मोटरसाइकिल कम ऊंचाई वाली राइडिंग पोजिशन, अलग स्टाइल और कैरेक्टर के साथ क्रूजर सेगमेंट में अपेक्षाकृत आसान एंट्री प्रदान करती है। देश में निर्मित रिबेल 300 ग्लोबल क्रूजर स्टाइल को भारतीय राइडर्स के व्यापक वर्ग तक पहुंचाती है। कंपनी आने वाले समय में भारत में ग्राहकों के लिए प्रीमियम, लाइफस्टाइल और नेक्स्ट-जेनरेशन मोबिलिटी विकल्प पेश करेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
