HP WEATHER : 14 अगस्त तक प्रदेश में जमकर बरसेगा मानूसन, अलर्ट जारी
10 और 11 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट; भू-स्खलन से 153 सडक़ें बंद, 77 पेयजल परियोजनाएं प्रभावित
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश का दौर लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश स्थानों पर लगातार बारिश हो रही है। वहीं अगले छह-सात दिनों तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। बाकी दिनों में यलो अलर्ट रहेगा। बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भू-स्खलन से 153 सडक़ें बंद हैं और बिजली के 92 ट्रांसफार्मर सहित 77 पेयजल परियोजनाएं प्रभावित हुई है।
प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक कहीं कहीं भारी बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं। 9 अगस्त को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा में भी अलग-अलग जगह भारी बारिश के साथ येलो अलर्ट रहेगा। वहीं 10 अगस्त को राज्य के 8 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है इस दौरान ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और मंडी कुल्लू जिला के लिए भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इस दौरान कांगड़ा और सिरमौर इन दो जिलों के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 11 अगस्त को भी भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 12, 13 और 14 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना के साथ यलो अलर्ट रहेगा। विभाग ने बारिश के दौरान भू-स्खलन और अचानक पानी बढऩे वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कांगड़ा में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा जिले के धर्मशाला में सबसे अधिक 48.1 मिलीमीटर बारिश हुई। कुल्लू के बाजौरा ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 31.5 मिलीमीटर, मनाली में 22 मिलीमीटर और भुंतर में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मंडी जिले के सलापड में 21.8 मिलीमीटर और मुरारी देवी में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। कुल्लू के कोठी में 18 मिलीमीटर और मंडी के जोगिंदरनगर में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के सराहन में 15.6 मिलीमीटर, मंडी के सुंदरनगर में 15 मिलीमीटर और शिमला में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। सिरमौर के धौलाकुआं ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
