HP WEATHER : प्रदेश में बारिश से 54 सडक़ों पर यातायात बंद, कल से तीन बारिश का दौर

By: Aug 30th, 2026 12:04 am

कुल्लू, मंडी और सिरमौर सबसे ज्यादा प्रभावित, मशीनरी जुटी

कार्यालय संवाददाता — शिमला

प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को हुई बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में सडक़ संपर्क प्रभावित हुआ और 54 सडक़ें यातायात के लिए बंद हो गईं। हालांकि दिनभर विभागीय मशीनरी द्वारा बहाली का काम जारी रहने से बंद सडक़ों की संख्या में कमी आई। सुबह पांच बजे तक प्रदेश में 68 सडक़ें बंद थीं, जो दोपहर तक बढक़र 76 हो गईं, लेकिन शाम तक 54 मार्ग ही बंद रह गए। बारिश के कारण कुल्लू के बंजार में एक विद्युत ट्रांसफार्मर भी ठप हुआ है। राहत की बात यह रही कि प्रदेश में किसी भी पेयजल आपूर्ति योजना के बाधित होने की सूचना नहीं है। कुल्लू में 16 सडक़ें बंद हैं। इनमें कुल्लू उपमंडल की आठ, बंजार की दो, आनी की दो और निरमंड की चार सडक़ें शामिल हैं। इसके बाद मंडी में 14 और सिरमौर में 10 सडक़ें बंद हैं। मंडी में सरकाघाट की सात, सुंदरनगर की एक, नग्गर की तीन और थलौट की तीन सडक़ें प्रभावित हैं, जबकि सिरमौर में नाहन की आठ और संगड़ाह की दो सडक़ें बंद हैं। कांगड़ा में सात सडक़ों पर यातायात थमा हुआ है। इनमें शाहपुर की चार, पालमपुर की दो और देहरा की एक सडक़ शामिल है। ऊना में चार, शिमला में दो और लाहुल-स्पीति में एक सडक़ बंद है।

तीन तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से तीन सितंबर तक बारिश का दौर तेज हो सकता है। 31 अगस्त से तीन सितंबर के बीच प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App