गांव-गांव पहुंची एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसें, सुक्खू सरकार के प्रयासों से ग्रामीण परिवहन को मिली नई रफ्तार
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हिमाचल पथ परिवहन निगम ने ग्रामीण रूटों पर नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया है। आधुनिक सुविधाओं और आरामदायक सीटों से लैस इन बसों में सफर को लेकर ग्रामीण यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आ रही है। एचआरटीसी ने फिलहाल इन इलेक्ट्रिक बसों को पुराने संचालित रूटों पर ही उतारा है। किसी नए रूट पर इन बसों का संचालन शुरू नहीं किया गया है। नई इलेक्ट्रिक बसों में बेहतर सीटों के साथ आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से यात्रियों को लंबी दूरी के ग्रामीण सफर में राहत मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन बसों की पहुंच को लोग सुविधा और बदलाव दोनों के रूप में देख रहे हैं।
खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां परिवहन के लिए लोगों की निर्भरता एचआरटीसी की बसों पर अधिक है, वहां नई बसों का संचालन यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते संचालन से जहां यात्रियों को आधुनिक सुविधा मिल रही है, वहीं आने वाले समय में परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में भी निगम के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण रूटों पर नई बसों की दस्तक ने प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बदलाव की तस्वीर को गांवों तक पहुंचा दिया है।
अभी 270 गाडिय़ां पहुंची
एचआरटीसी के बेड़े में अब तक करीब 270 नई इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं, जबकि 27 अन्य बसों की डिलीवरी भी जल्द होने की उम्मीद है। इससे आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का दायरा और बढ़ सकता है। निगम का फोकस सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने पर है।
चालकों ने संभाली कमान
हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन चुनौतीपूर्ण है। संकरी और घुमावदार सडक़ों के साथ कई ग्रामीण क्षेत्रों में चढ़ाई और उतराई वाले मार्ग हैं। फिर भी अनुभवी चालक इन बसों का कुशलता से संचालन कर रहे हैं। चालकों को पहाड़ी मार्गों का अनुभव होने के कारण इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में भी इसका लाभ मिल रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
