सुंडा-सनेई सडक़ पर भूस्खलन, पत्थर गिरने से बढ़ा खतरा
एचआरटीसी बस पर भी गिर चुका है पत्थर; खोई गांव के ऊपर लटका विशाल बोल्डर, लोगों ने सुरक्षा कार्य करवाने की उठाई मांग
वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर बुशहर
ग्राम पंचायत रचोली डंसा के सुंडा सनेई सडक़ मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने से लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हिमाचल प्रदेश सरकार के बागवानी एवं राजस्व मंत्री को आवेदन भेजकर समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से सडक़ के करीब 300 मीटर ऊपर पहाड़ी से लगातार बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2024 में पत्थर गिरने से एक वाहन क्षतिग्रस्त हो चुका है। वर्तमान में भी लगभग हर माह कई बार बड़े पत्थर सडक़ पर गिरते हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हाल ही में एचआरटीसी की बस पर भी पत्थर गिरने की घटना सामने आई है, जिसके बाद क्षेत्र में बसों की आवाजाही प्रभावित है। सडक़ के ठीक नीचे स्थित ग्राम पंचायत रचोली के खोई गांव के ऊपर पहाड़ी में एक विशाल बोल्डर लटका हुआ है।
पूर्व प्रधान डंसा देश राज हुडन, एडवोकेट दीवान सिंह , दीपक, कपिल देव, रवि राज, दुर्गा सिंह नेगी और रिंकू नेगी ने बताया कि इस समस्या के संबंध में वर्ष 2023 से लोक निर्माण विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवाया जा चुका है। विभागीय अधिकारियों की ओर से सुरक्षा कार्य करवाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार, उपमंडल अधिकारी की ओर से एक संयुक्त विभागीय समिति का गठन कर समस्या का निरीक्षण करवाया गया था। समिति ने अध्ययन के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार की, जिसे प्रशासन की ओर से आपदा राहत के तहत जिलाधीश शिमला को भेजा गया है।
जल्द समाधान का आश्वन
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संयुक्त विभागीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक धनराशि तुरंत जारी की जाए। इसके अलावा भूस्खलन रोकने, खतरनाक बोल्डर को सुरक्षित करने और अन्य आवश्यक सुरक्षा कार्यों के लिए आपदा राहत के तहत प्राथमिकता के आधार पर धनराशि स्वीकृत की जाए। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को अवगत करवा दिया है। उन्होंने आश्वन दिया है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
