चंबा में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की धूम; नशे और बीमारियों से बचाव पर अलख
चंबा कालेज में गूंजा नशा मुक्त और चिट्टा मुक्त युवा का संदेश, कार्यक्रम में छात्रों ने नशा न करने का लिया संकल्प
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय महाविद्यालय चंबा में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य पर बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रेड रिबन क्लब तथा हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति चंबा के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा, चिट्टा मुक्त युवा’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति के जिला अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य डा. बिपन चंद राठौर ने मुख्यातिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर, समिति के जिला उपाध्यक्ष पीसी मिन्हास तथा चुराह इकाई के अध्यक्ष पान सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। डा. बिपन चंद राठौर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस हर वर्ष 12 अगस्त को मनाया जाता है।
युवा नई सोच, नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी प्रगति के वाहक हैं। राष्ट्र के विकास में युवाओं की सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और नशे के सौदागरों से बचाना तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है। प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। देश का भविष्य स्वस्थ, शिक्षित और जिम्मेदार युवाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करने वाला गंभीर सामाजिक अभिशाप है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और समाज के अन्य युवाओं को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में भूमिका निभाएं युवा
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अविनाश ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ नशे के दुष्प्रभावों, बचाव और ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को लेकर चर्चा एवं परिचर्चा की गई। पीसी मिन्हास ने कहा कि नशे की समस्या केवल किसी व्यक्ति या परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने जागरूकता अभियान को गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई। पान सिंह ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए युवाओं के साथ अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं और समुदाय की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर डा. मनेश वर्मा, प्रो. संतोष देवी, विद्यार्थी और एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
