इंटरनेट बना मुसीबत, पर्ची से टेस्ट तक ठप रहा काम

By: Aug 22nd, 2026 12:02 am

मेडिकल कालेज हमीरपुर में इंटरनेट सेवाएं दे गईं दगा; मरीज हुए परेशान, चार घंटे सिस्टम जाम

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
डा. राधाकृष्णन मेडिकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर में शुक्रवार को मरीज उस समय खासे परेशान हुए जब इंटरनेट सेवाएं बुरी तरह से चरमरा गईं। पर्ची बनवाने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा, तो वहीं कर्मचारियों को मशक्कत झेलनी पड़ी। सुबह काउंटर खुलते ही पता चला कि इंटरनेट व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई हुई है। जिस वजह से पर्ची बनाना मुश्किल हो गया। काफी अंतराल के बाद पर्ची बन पा रही थी। हालांकि यहां तैनात कर्मचारियों ने अपने मोबाइल डाटा का इस्तेमाल कर व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश की, लेकिन यह समस्या का स्थाई समाधान नहीं है। मेडिकल कालेज में सेवाएं देने वाले इंटरनेट डाटा की स्पीड अच्छी होती है और जल्द पर्ची बन जाती है।

शुक्रवार के दिन मरीजों की कतारें पर्ची बनाने के लिए ही लगी हैं। उसके बाद मरीजों की कतारें कैश काउंटर पर भी देखी गईं। इंटरनेट व्यवस्था चरमराने का असर मेडिकल कालेज में हर जगह देखने को मिल रहा था। इंटरनेट सेवाओं के ढीले सिस्टम ने मरीजों को इलाज लेने में भी देरी करवाई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे से पहले ही मरीज पर्ची बनवाने के लिए लाइनों में लग गए थे। काउंटर खुलने के बाद पता चला कि इंटरनेट नहीं चल रहा है। काफी समय के उपरांत पर्ची बन रही थी। दोपहर करीब 12:45 बजे तक इंटरनेट की सेवाएं कछुआ गति से रेंगती हुई चली रहीं। उसके बाद समस्या का समाधान हुआ तथा इंटरनेट संबंधित कार्यों ने रफ्तार पकड़ी। हालांकि करीब चार घंटे से अधिक समय तक मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताना जरूरी है कि मेडिकल कालेज में रोजाना 1200 से लेकर 1500 के बीच पर्चियां बनती हैं।

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ देना ही हमारा ध्येय है। यदि इंटरनेट संबंधित समस्या पेश आ रही है, तो उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा
डा. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कालेज हमीरपुर

लोगों का हुआ बुरा हाल

मरीजों कृष्णपाल, मनोज कुमार, उत्तम सिंह, विहान ठाकुर, विमला देवी, संजना कुमारी, हरपाल सिंह, अभिनव शर्मा, अंकित कुमार, आशीष कुमार आदि ने बताया कि इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App