ईरान ने मेरे बेटे को मारने की कोशिश की, इजरायल के पीएम नेतन्याहू के दावे से मचा हडक़ंप
एजेंसियां— यरूशलम
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा दावा किया है कि ईरान ने उनके एक बेटे की हत्या करने की कोशिश की थी। हालांकि, उन्होंने इस कथित साजिश को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी। नेतन्याहू ने यह भी नहीं बताया कि ईरान ने उनके किस बेटे को निशाना बनाया था और कथित हमले की योजना कितनी आगे तक पहुंची थी। नेतन्याहू ने इजरायल के चैनल 14 को दिए एक टेलीफोन इंटरव्यू में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि ईरान ने उनके एक बेटे को मारने की कोशिश की और इसी वजह से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों को सुरक्षा देना कोई लग्जरी नहीं, बल्कि जरूरी है। यह बयान ऐसे समय आया है जब फरवरी में शुरू हुई अमरीका-इजरायल और ईरान की जंग के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बेहद बढ़ गया है।
इस संघर्ष में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ ईरानी नेताओं के मारे जाने का दावा किया गया था। ईरान के न्यूयॉर्क स्थित मिशन ने नेतन्याहू के आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। नेतन्याहू ने यह दावा उस विवाद के बीच किया, जिसमें इजरायल की सुरक्षा एजेंसी शिन बेट पर एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को सुरक्षा देने से इनकार करने की खबरें सामने आई थीं. उन्होंने कहा कि उन्होंने शिन बेट प्रमुख डेविड जिनी से कहा है कि चुनाव में प्रधानमंत्री पद के हर उम्मीदवार को उचित सुरक्षा दी जानी चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
