Kangra News : कांगड़ा को चिडिय़ाघर की सौगात जल्द, वन्यजीव अस्पताल और क्वारंटीन सेंटर तैयार

By: Aug 20th, 2026 12:06 am

दुर्गेश अरण्य का काम युद्धस्तर पर, वन्यजीव अस्पताल और क्वारंटीन सेंटर तैयार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश को विश्व पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने वाले सबसे महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट दुर्गेश अरण्य इंटरनेशनल जूलॉजिकल पार्क ने अब धरातल पर तेज रफ्तार पकड़ ली है। कांगड़ा जिला के बनखंडी में आकार ले रहे इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के चिडिय़ाघर के पहले चरण का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभागीय लक्ष्यों के अनुसार, दिसंबर 2026 तक इसके पहले चरण को समेटने की पूरी तैयारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा, तो वर्ष 2027 की शुरुआत में इस भव्य पार्क के द्वार पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। यह मेगा प्रोजेक्ट कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

जानवरों को मुख्य बाड़ों में शिफ्ट करने से पहले उनकी कड़ी चिकित्सकीय निगरानी के लिए एक अत्याधुनिक क्वारंटाइन सेंटर और अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका लगभग 85 फीसदी ढांचा बनकर तैयार हो चुका है। इसके अलावा प्रशासनिक भवन और डायग्नोस्टिक विंग का काम भी तेजी से अपने अंतिम रूप की ओर बढ़ रहा है। कांगड़ा जिला के बनखंडी का यह दुर्गेश अरण्य नए साल में हिमाचल के लिए एक बहुत बड़े तोहफे के रूप में सामने आने वाला है।

17 आधुनिक बाड़ों का निर्माण अंतिम चरण में

वन्यजीवों को बिलकुल प्राकृतिक माहौल देने के लिए पहले चरण में 17 से अधिक अलग-अलग और आधुनिक बाड़ों का निर्माण किया जा रहा है। जानवरों के लिए पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु चेकडैम बनाए जा रहे हैं और पूरे पार्क की सुरक्षा के लिहाज से एक मजबूत और लंबी चारदीवारी भी खड़ी की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App