मां ने 50 हजार में बेच दी नाबालिग बेटी, खरीददार 2 महीने तक नोचता रहा

By: Aug 24th, 2026 4:06 pm

एजेंसियां—धार

रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेल मामला सामने आया है। एक मां ने अपनी नाबालिग बेटी को 50 हजार रुपए में बेच दिया और खरीददार 2 महीने तक उसे नोचता रहा। मामला मध्य प्रदेश के धार जिला का है। पुलिस के अनुसार खरगोन जिले की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को कथित रूप से 50 हजार रुपये के बदले धामनोद के एक व्यक्ति को सौंप दिया। आरोपी ने करीब दो महीने तक बालिका के साथ दुष्कर्म किया। पीडि़ता उसके चंगुल से निकलकर गुजरात पहुंच गई, जहां से पुलिस ने उसे दस्तयाब कर लिया।

पुलिस के अनुसार घटना 26 अप्रैल, 2026 की है। आरोपी महिला सुनिताबाई पति दयाराम शिंदे, निवासी करोंदिया बुजुर्ग, खरगोन, अपनी नाबालिग बेटी को धामनोद के मिठास कॉलोनी स्थित पुरुषोत्तम पाटीदार के घर ले गई थी। आरोप है कि वहां उसने 50 हजार रुपए के बदले बेटी को पुरुषोत्तम के सुपुर्द कर दिया और स्वयं वहां से चली गई। पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पुरुषोत्तम ने उसे अपने घर में जबरन रोककर रखा और करीब दो माह तक उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। 26 जून की सुबह मौका पाकर वह आरोपी के घर से निकल गई और बस स्टैंड पहुंची। वहां संदीप नामक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई, जिसके साथ वह बस से गुजरात के चोटिला गांव चली गई। पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद गुजरात पहुंचकर बालिका को दस्तयाब किया और उसके बयान दर्ज किए। एसडीओपी मोनिका सिंह के अनुसार पीडि़ता के बयान और जांच में 50 हजार रुपए में उसका सौदा किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में बालिका की मां सुनिताबाई और उसे खरीदने के आरोपी पुरुषोत्तम पिता भागीरथ पाटीदार, निवासी मिठास कॉलोनी, धामनोद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं। एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App