आज राखी के दिन भी पहुंचेगी डाक

By: Aug 28th, 2026 12:46 am

दूरदराज से पहुंची राखियां भी समय रहते भेजेंगे, छुट्टी के बावजूद भी जारी रहेगा वितरण
सिटी रिपोर्टर—धर्मशाला
आज रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों की राखियां भाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भर में डाक विभाग अपनी जिम्मेदारी बखूबी से निभा रहा है। पिछले कल गुरुवार तक प्रदेश में करीब 95 से 98 फीसदी राखी मेल की डिलीवरी पूरी हो चुकी थी, जबकि बाकी राखियों को भी आज शुक्रवार यानी रक्षाबंधन के दिन गंतव्य तक पहुंचाने का काम लगातार जारी है। विभाग की कोशिश है कि कोई भी राखी समय पर पहुंचने से न छूटे। आज खास बात यह रहेगी कि सभी सरकारी विभागों की छुट्टी होने के बावजूद डाक विभाग राखी की डिलीवरी में जुटा रहेगा। डाक कर्मचारी आज छुट्टी के दिन भी राखियों को प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने का काम जारी रखेगा। वहीं इस बार प्रदेशभर में राखी मेल के लिए उपलब्ध करवाए गए करीब एक लाख स्पेशल कवर इस्तेमाल हो चुके हैं। इसके अलावा लोगों ने अपने कवर में भी बड़ी संख्या में राखियां बुक करवाईं। इससे राखी मेल की वास्तविक संख्या और अधिक रही।

राखी के त्योहार पर डाक विभाग निभाएगा जिम्मेदारी
आज रक्षाबंधन के दिन भी डाक विभाग के कर्मचारी डिलीवरी में जुटे हुंए हैं। विभाग का प्रयास है कि दूरदराज से अंतिम समय में पहुंची राखियां भी भाई की कलाई तक पहुंचें। छुट्टी के दिन डाक विभाग की यह सक्रियता उन बहनों के लिए राहत बनी है, जिन्होंने अपने भाइयों के लिए राखियां डाक के जरिए भेजी हैं।
आज छुट्टी के दिन भी नहीं रुकेगी डिलीवरी
धर्मशाला हेड पोस्ट ऑफिस के एसपी रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन सरकारी अवकाश होने के बावजूद डाक विभाग की ओर से राखियों की डिलीवरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में गुरुवार तक करीब 95 से 98 फीसदी राखियां पहुंचाई जा चुकी थीं और शेष राखियों की डिलीवरी आज शुक्रवार को पूरी करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज रक्षाबंधन के दिन भी दूरदराज के क्षेत्रों से राखियां धर्मशाला डाकघर पहुंच रही हैं। ऐसी राखियों को भी बिना देरी किए संबंधित गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App