DMK का बड़ा संगठनात्मक फैसला, पार्टी पदों के लिए उम्र और कार्यकाल की सीमा तय

By: Aug 22nd, 2026 5:48 pm

चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल द्रमुक ने शनिवार को अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए पार्टी में युवाओं को शामिल करने का फैसला किया है। प्रमुख पार्टी पदों के लिए कार्यकाल तय करने और उम्र की सीमा का निर्धारण करने का भी निर्णय लिया गया है। इस आशय के प्रस्ताव यहां पार्टी अध्यक्ष एम. के. स्टालिन की अध्यक्षता में आयोजित द्रमुक की कार्यकारी समिति की बैठक में पारित किए गए। बैठक में प्रमुख पार्टी पदों के लिए आयु और कार्यकाल की सीमाएं तय करने और संगठनात्मक ढांचे का पुनर्गठन करने का फैसला किया गया। इसके साथ ही जिला, शहर, क्षेत्र और वार्ड-स्तरीय इकाइयों के लिए एक नए ढांचे का भी प्रस्ताव रखा गया। हाल के विधानसभा चुनावों में पराजय के बाद द्रमुक की यह पहली बैठक थी। यह मुख्य रूप से चुनावों के बाद पार्टी संगठन को मजबूत करने और संरचनात्मक परिवर्तन करने पर केंद्रित थी।

बैठक में सभी जिलाध्यक्ष, 864 कार्यकारिणी सदस्य, राज्य के पदाधिकारी, पार्टी की विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए। इसमें पारित प्रमुख प्रस्तावों में से एक का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में “युवाओं” को शामिल करना है। इसके तहत शाखा सचिव के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गयी है और वह व्यक्ति अधिकतम दो कार्यकाल के लिए इस पद पर रह सकता है। पार्टी ने स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै, तिरुचि, सेलम और अन्य नगर निगमों में शाखा स्तर के संगठनों को मजबूत करने का भी निर्णय लिया है। इन क्षेत्रों में शाखा सचिवों की आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए और वे अधिकतम दो कार्यकाल तक सेवा दे सकते हैं। वार्ड स्तर पर, चेन्नई नगर निगम के वार्डों में आमतौर पर लगभग 10,000 मतदाता होंगे, जबकि अन्य निगमों के वार्डों में औसतन 5,000 मतदाता होंगे।

कस्बा, शहर और नगर पालिका वार्ड सचिवों के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गयी है, जिसमें दो कार्यकाल की सीमा होगी। नगर पंचायत सचिवों, टाउन पार्टी इकाइयों और नगर सचिवों के लिए अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित की गयी है, जिसमें अधिकतम दो कार्यकाल की सीमा होगी। चेन्नई में, क्षेत्र-स्तरीय पार्टी इकाइयां आमतौर पर लगभग 40,000 मतदाताओं को कवर करेंगी, जबकि अन्य निगमों में लगभग 30,000 मतदाता होंगे। क्षेत्र सचिवों की अधिकतम आयु 60 वर्ष होगी और उनका कार्यकाल दो कार्यकाल तक सीमित कर दिया गया। द्रमुक ने पार्टी जिलों की संरचना में भी बड़े बदलाव का प्रस्ताव रखा है। राजस्व जिलों के आधार पर अपनी जिला इकाइयों के पुनर्गठन के हिस्से के रूप में, पार्टी के पास अब प्रत्येक दो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक पार्टी जिला होगा, जिससे कुल संख्या 110 हो जायेगी।

जिलों को यूनियन, शहर, क्षेत्र और वार्ड स्तर की इकाइयों में विभाजित करने की प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार 15 दिनों के भीतर पूरी की जानी चाहिए। इसके बाद, पार्टी मुख्यालय द्वारा प्रतिनियुक्त प्रतिनिधि की उपस्थिति में जिला कार्यकारिणी समिति की एक और बैठक बुलाई जायेगी। फिर नयी विभाजित संगठनात्मक इकाइयों को मंजूरी दी जायेगी और विवरण मुख्यालय को भेज दिया जायेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App