रक्षाबंधन को लेकर सजे बाजार, राखियों की बढ़ी खरीदारी

By: Aug 20th, 2026 12:02 am

बाजारों में पांच से 250 रुपए तक राखी, देश- विदेश पार्सल भेजने के लिए डाकघरों में विशेष वाटरफ्रूफ लिफाफे उपलब्ध

कार्यालय संवाददाता-नाहन
भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिला सिरमौर के बाजार विभिन्न प्रकार की राखियों से सज गए हैं। त्योहार में अभी करीब एक सप्ताह का समय शेष है, लेकिन बहनों ने भाइयों के लिए राखियों की खरीदारी शुरू कर दी है। दूरदराज क्षेत्रों और सेना में तैनात भाइयों को राखियां भेजने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। जिला के डाकघरों में राखियां सुरक्षित भेजने के लिए विशेष वाटरफ्रूफ लिफाफे उपलब्ध करवाए गए हैं। डाकघर अधिकारियों के अनुसार सभी उप-डाकघरों में ये लिफाफे 10 रुपए में मिल रहे हैं। नाहन के बड़ा चौक में दुकानदारों ने पांच से 250 रुपए तक की राखियां उपलब्ध करवाई हैं। इस वर्ष भाई-भाभी की लुंबा राखी और प्रीमियम राखियां विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। बाजार में लुंबा, कलेड़ा, ब्रेसलेट, कपल, क्रिस्टल, स्टोन, कुंदन, मोती, जरी, सिल्वर, गोल्डन, रुद्राक्ष, स्वास्तिक, ओम, गणेश और कृष्ण राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए छोटा भीम, एलईडी और साउंड राखियां भी बाजार में उतारी गई हैं।

28 अगस्त को रक्षाबंधन, सुबह 5:57 से 9:49 बजे तक शुभ मुहूर्त
पंडित काकू राम शर्मा ने बताया कि इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पूर्णिमा सूर्योदय के समय विद्यमान रहेगी और भद्रा सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगी। ऐसे में 28 अगस्त को दिनभर रक्षा सूत्र बांधा जा सकता है। उन्होंने बताया कि राखी बांधने का विशेष शुभ समय सुबह 5:57 से 9:49 बजे तक रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App