मंडी-पठानकोट से जल्द जुड़ेगा मटौर-शिमला फोरलेन, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का खुलासा
नितिन गडकरी ने प्रदान कर दी है सैद्धांतिक मंजूरी
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
हिमाचल की दो बड़ी फोरलेन परियोजनाएं आपस में जुड़ेगी। इसके लिए केंद्रीय सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। दिल्ली दौरे के बाद लौटे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को पत्रकारवार्ता के दौरान यह खुलासा किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री के समक्ष मंडी-पठानकोट फोरलेन सडक़ को मटौर-शिमला के साथ जोडऩे का मामला प्रमुखता के साथ रखा था, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के तहत सैंज-लुहरी-बंजार-औट मार्ग पर बंजार से औट तक सडक़ के सुधार और टारिंग के लिए 25.11 करोड़ की राशि जारी करने के लिए मंजूरी प्रदान की है। वहीं, जलोड़ी सुरंग परियोजना की डीपीआर का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा है।
उन्होंने कहा कि यह डीपीआर सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पास विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि मंत्री के समक्ष 1,775 करोड़ रुपए की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया है। सज्ञथ ही कांगड़ा के राष्ट्रीय राजमार्ग 303 पर नगरोटा बगवां से रानीताल सडक़ के लिए 395 करोड़ रुपए प्रदान करने का भी आग्रह किया गया है।लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से सेतु बंधन परियोजना के तहत पुलों के निर्माण के लिए 3.46 करोड़ की राशि उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा उन्होंने सीआरआईएफ के तहत सडक़ परियोजनाओं के लिए वार्षिक आबंन बढ़ाकर 200 करोड़ करने का आग्रह भी किया है।
अनवांटेड कंट्रोवर्सी है
मुख्यमंत्री के चंबा दौरे को लेकर भाजपा विधायक की टिप्पणी पर विक्रमादित्य सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन लक्ष्मण रेखा को नहीं लांघना चाहिए। बकौल विक्रमादित्य सिंह हमारा विरोध और वैचारिक मतभेद किसी से भी हो सकते है, लेकिन यह भी विशेष ख्याल रखने की आवश्यकता है कि बयान से किसी की गरिमा को ठेस ना पहुंचे। मैं समझता हूं कि यह अनवांटेड कंट्रोवर्सी है।
प्रियंका गांधी-वेणुगोपाल जल्द आएंगे हिमाचल
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि जब भी वह दिल्ली दौरे पर जाते है तो अधिकारिक काम के साथ-साथ संगठन के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करते है और प्रदेश में संगठन की गतिविधियों, सरकार की परफॉर्मेंस पर चर्चा करते है। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंनेे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ मुलाकात की है। कुछ ही दिनों में दोनों वरिष्ठ नेताओं का हिमाचल आने का भी कार्यक्रम है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
