17 पंचायतों का केंद्र नौहराधार देख रहा विकास की राह

By: Aug 6th, 2026 12:48 am

स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन से जुड़े काम अधूरे, नौहराधार बस अड्डा आज भी केवल घोषणा तक सीमित
निजी संवाददाता – नौहराधार
करीब 17 पंचायतों का प्रमुख केंद्र माने जाने वाला नौहराधार आज भी विकास के कई महत्त्वपूर्ण कार्यों के पूरा होने का इंतजार कर रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन इस दौरान कई घोषणाएं और परियोजनाएं धरात्तल पर नहीं उतर सकी। स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं, जिससे स्थानीय लोगों में निराशा का माहौल है। क्षेत्र की सबसे बड़ी मांगों में शामिल नौहराधार बस अड्डा आज भी केवल घोषणा तक सीमित है। बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिसके कारण यात्रियों को आज भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार का नया भवन करीब नौ वर्षों से अधूरा पड़ा है। भवन तैयार होने के बावजूद उसका उदघाटन नहीं हो सका है।

मजबूरी में अस्पताल पुराने भवन से संचालित हो रहा है, जहां केवल दो मरीजों के लिए दो बिस्तरों की व्यवस्था है। सीमित संसाधनों के कारण गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों में रैफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चिकित्सकों की कमी भी क्षेत्र के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। सीएचसी में चार चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन पिछले लगभग एक वर्ष से पूरा अस्पताल केवल एक डाक्टर के भरोसे चल रहा है। इससे प्रतिदिन आने वाले मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करे सरकार
स्थानीय लोगों का कहना है कि नौहराधार क्षेत्र सिरमौर के दूरदराज इलाकों का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद विकास कार्यों की गति बेहद धीमी है। उनका आरोप है कि वर्षों से लंबित परियोजनाओं को पूरा करने की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। लोगों ने सरकार से मांग की है कि बस अड्डा, सीएचसी भवन, कालेज भवन, तहसील भवन तथा अन्य लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र की हजारों की आबादी को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App