एक शिक्षक के सहारे डसाकना स्कूल
आठ कक्षाएं; तीन गांवों के छात्र और सिर्फ एक शिक्षक, स्टाफ बढ़ाने की उठाई मांग
निजी संवाददाता-नौहराधार
प्रदेश सरकार भले ही शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के दावे कर रही हो, लेकिन शिक्षा खंड नौहराधार के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला डसाकना की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्कूल में एलकेजी से पांचवीं तक आठ कक्षाओं में तीन गांवों के 53 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने के लिए केवल एक शिक्षक तैनात है। एकमात्र शिक्षक को सभी कक्षाओं की पढ़ाई के साथ प्रशासनिक और अन्य सरकारी दायित्व भी निभाने पड़ रहे हैं। ऐसे में एक समय में केवल एक कक्षा को ही पढ़ाया जा सकता है, जबकि अन्य विद्यार्थी बिना नियमित शिक्षण के बैठने को मजबूर हैं।
इससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पाठ्यक्रम पूरा करना बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन आज तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो सकी। उन्होंने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से स्कूल में जल्द पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती करने की मांग की है, ताकि ग्रामीण बच्चों को बेहतर शिक्षा का अधिकार मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
