एक माह बाद भी लापता बच्चों का सुराग नहीं

By: Aug 26th, 2026 12:02 am

एसपी देहरा संदीप धवल से मिले परिजन, पुलिस से बच्चों की तलाश तेज करने को बुलंद की आवाज

कार्यालय संवाददाता- देहरा गोपीपुर
बनखंडी क्षेत्र के गांव भगरोट के ब्लॉलहर से लापता कृष और साक्षिव का करीब एक माह बीतने के बाद भी कोई सुराग न मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। बच्चों का पता न चलने पर परिजनों और भाजपा जिला उपाध्यक्ष डा. सुकृत सागर ने पुलिस अधीक्षक देहरा के समक्ष मामले की जांच को और व्यापक तथा उच्च स्तर पर ले जाने की मांग उठाई है। इनका कहना है कि पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर सर्च अभियान सहित जो प्रयास किए, उन्हें लेकर उन्हें कोई शिकायत नहीं है। लेकिन लगभग एक माह गुजर जाने के बाद भी बच्चों के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने न आना परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। ऐसे में अब जांच को केवल प्रारंभिक प्रयासों तक सीमित न रखते हुए हर संभावित पहलू, स्थान और एंगल से दोबारा गहनता से जांच करने के मांग की गई है।

डा. सुकृत सागर ने कहा कि मांग किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाने की नहीं, बल्कि बच्चों को सुरक्षित खोजने की है। परिवार को अपने बच्चों की सच्चाई जानने और न्याय पाने का अधिकार है। परिजनों और भाजपा की ओर से प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन से स्पष्ट मांग की गई है कि मामले की उच्च स्तर पर समीक्षा कर जांच का दायरा बढ़ाया जाए, नए सिरे से संभावित सभी पहलुओं को खंगाला जाए और तलाश अभियान को नई गति दी जाए। अब सवाल सिर्फ इतना है, आखिर कब मिलेगा इन दोनों बच्चों का सुराग। परिवार की आंखें आज भी अपने बच्चों की वापसी की राह देख रही हैं और हमें उम्मीद है कि सरकार व पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले को प्राथमिकता देते हुए जल्द कोई ठोस परिणाम सामने लाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App