सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे संदिग्ध आईईडी मिलने से हडकंप
मुकेश संगर – चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे रविवार रात को संदिग्ध आईईडी मिलने से शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई। बताया जा रहा है कि मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे एक बैग में रखे टिफिन के अंदर संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया और संदिग्ध सामग्री की जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम तथा संबंधित विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीन लोगों के कब्जे से संदिग्ध आईईडी, हथियार और अन्य सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है। इस संबंध में थाना सेक्टर-36 में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों की चंडीगढ़ में किसी आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की योजना हो सकती थी। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इस संबंध में सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध आईईडी कहां से लाई गई थी, इसे तैयार करने या उपलब्ध कराने में कौन लोग शामिल हैं और हिरासत में लिए गए संदिग्धों के संपर्क किन लोगों से थे। घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि शांत रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जांच से संबंधित आगे की जानकारी तथ्यों के सत्यापन के बाद साझा की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
