संसद में खत्म होगा गतिरोध, चढ़ावा चोरी पर सरकार चर्चा के लिए तैयार, छात्रों पर कार्रवाई का जवाब दें शाह

By: Aug 12th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

संसद के मानसून सत्र का 17वां दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया और सत्र के सिर्फ दो तीन दिन बाकी हैं। विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है। इससे पहले लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने विपक्ष से सदन चलाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि विपक्ष की दोनों मुख्य मांगें मान ली गई हैं। सरकार विद्यार्थियों के मामले में सदन में चर्चा और गृह मंत्री के जवाब को लेकर सहमत हैं तथा इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही बाधित नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इसके बाद राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे पर भी सरकार ने चर्चा के लिए हामी भर दी है। श्री बिड़ला ने कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों को मिलकर सहमति बनानी चाहिए। सदन की कार्यवाही चलनी चाहिए। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पष्ट रूप से कहा है कि गृह मंत्री विद्यार्थियों के मामले में जवाब देने को तैयार हैं। इससे पहले मंगलवार सुबह एनडीए के सांसदों की साप्ताहिक मंगल मिलन बैठक हुई थी।

लोकसभा में हंगामे के बीच बिना चर्चा दो बिल पास

हंगामे के बीच लोकसभा में दो बिल बिना चर्चा के पास हो गए। इनमें केरल (नाम में बदलाव) बिल, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) बिल, 2026 शामिल है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने केरल का नाम बदलने वाला बिल पेश किया। नारेबाजी के बीच इसे बिना बहस के ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके तुरंत बाद सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) बिल, 2026 पेश किया। लगातार हंगामे के बीच यह बिल भी बिना बहस के पारित हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App