सेहत का हाल जानने उमड़े लोग, जांच के बाद मिलीं मुफ्त दवाइयां

By: Aug 13th, 2026 12:50 am

डीडीएम कालेज में लगा हैल्थ कैंप, छात्रों ने भी बढ़-चढक़र लिया हिस्सा
स्टाफ रिपोर्टर – दौलतपुर चौक
क्षेत्र के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान डीडीएम कालेज ऑफ फार्मेसी गोंदपुर बनेहड़ा में बेस्ट केयर हॉस्पिटल ने हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया। शिविर में डा. शेख आसिफ, मुहम्मद यूसुफ (एमडी), जनरल मेडिसिन के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। रक्तचाप, रक्त शर्करा और ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की गईं। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। विवेकानंद अध्ययन मंडल के बैनर तले रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला सह संपर्क प्रमुख अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को संगठन कि जानकारी दी। डीडीएम कालेज के चेयरमैन नरेंद्र शर्मा ने बताया कि शिविर का लाभ गांवों से पहुंचे लोगों ने भी उठाया।

असिस्टेंट डायरेक्टर आशीष शर्मा ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। प्राचार्य डा. सुब्रामन्यम ने कहा कि कॉलेज की ओर से भविष्य में भी जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। कालेज की संस्थापिका चंचला देवी, जिला सह संपर्क प्रमुख अजय शर्मा, प्राचार्य डा. सुब्रमण्यम, सहायक निदेशक आशीष शर्मा, विभागाध्यक्ष हीना शर्मा, डिप्लोमा विभागाध्यक्ष नेहा शर्मा सहित अभिषेक शर्मा, आरती राणा, दीप, संदीप शर्मा, अंजली, दीक्षा, स्मृति, प्रिया, आंचल, वरुण, ऋतिक रतन, शिवानी, प्रियंका, रोहित, अतुल आर्या, राजेंद्र चौकसी, संजय सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

स्वास्थ्य और फार्मेसी का महामंच
प्राचार्य डा. सुब्रमण्यम ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को बी. फार्मेसी शिक्षा के महत्व तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में फार्मेसी प्रोफेशन की भूमिका के बारे में जानकारी दी। वहीं, बेस्ट केयर हॉस्पिटल, जालंधर से पहुंचे डा. शेख आसिफ मुहम्मद यूसुफ ने उपस्थित लोगों को सीपीआर, एंजियोग्राफी तथा हार्ट अटैक के लक्षणों के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App