यमन और सोमालिया तट के पास समुद्री लुटेरों ने दो जहाजों पर किया कब्जा, 22 भारतीय फंसे

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

यमन और सोमालिया तट के पास समुद्री लुटेरों ने दो वाणिज्यिक जहाजों पर कब्जा कर लिया है। इनमें एक जहाज पर 16 और दूसरे पर छह भारतीय सवार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि दो विदेशी जहाजों पर सवार सभी 22 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। हम दोनों देशों के भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, दो जहाज समुद्री लुटेरों के कब्जे में हैं। दोनों पर विदेशी झंडे लगे हैं और उन पर भारतीय नाविक सवार हैं। इनमें कुल 22 (एक जहाज पर 16 और दूसरे पर छह) भारतीय हैं। हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस मामले में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। जानकारी के अनुसार, दो अलग-अलग घटनाओं में सशस्त्र समुद्री डाकुओं ने दो जहाजों को अपने कब्जे में ले लिया। 20 अगस्त को एक इरिट्रिया के ध्वज वाले तेल उत्पाद टैंकर एम टी सिबू 1 को अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर हमला किया गया। इसमें कथित तौर पर 16 भारतीय नाविक सवार थे।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) ने बताया कि छह हथियारबंद लोगों ने यमन के तट के पास एक टैंकर पर कब्जा कर लिया और उसे सोमालिया की ओर मोड़ दिया। वहीं कैमरून के ध्वज वाले एक अन्य पोत ‘एम/वी लुतुफ का 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास अगवा किया गया। इस पोत के चालक दल के 10 सदस्यों में छह भारतीय हैं। कथित तौर पर पोलर मूवमेंट शिपिंग की इस नाव पर मोगादिशू में तुर्की के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर के लिए हथियार, साथ ही कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण ले जाए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि आठ समुद्री लुटेरे नाव को पुंटलैंड के डंगोरोयो जिले में गारमाल के पास तट की ओर ले गए। माना जा रहा है कि ये लुटेरे उस ग्रुप के सदस्य हैं, जो अप्रैल में एम/वी स्वार्ड के अपहरण में शामिल था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App