प्रदीप को सौंपी पुलिस पेंशनर एसोसिएशन की कमान
स्थापना दिवस पर नई कार्यकारिणी का गठन, पेंशनरों के हक और समाजसेवा के लिए एकजुटता का संकल्प
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
मंगलवार को पुलिस पेंशनर एसोसिएशन जिला सिरमौर द्वारा पांचवां स्थापना दिवस पांवटा साहिब में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि नरेंद्र पाल सिंह एक्जीक्युटिव मैंबर हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व एडिशनल एसपी नानक सिंह पंवार रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि द्वारा दीप प्रज्वलित करके की गई। सर्वप्रथम संगठन के वरिष्ठतम सदस्य प्रकाश चंद चौधरी और लाभ सिंह जो 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं को सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा संगठन के सदस्यों को संबोधित किया गया और संगठन के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
इसके बाद संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से तीन साल के लिए गठन किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर को चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश चंद चौधरी, उपाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, महासचिव संत राम, कोषाध्यक्ष मोहन सिंह सैनी को चुना गया। जीत सिंह चौहान को उपाध्यक्ष शिलाई ब्लॉक, अशोक कुमार नाहन ब्लॉक, रोहित शर्मा को संगड़ाह ब्लॉक चुना गया। कार्यकारिणी का विस्तार अध्यक्ष द्वारा संगठन के सभी सदस्यों की सलाह से आगामी बैठक में किया जाएगा। संगठन अध्यक्ष ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य पेंशनर्स की समस्याओं को सरकार व विभाग के समक्ष रखना, आपसी भाईचारा बनाए रखना और समाज सेवा में योगदान देना है। मुख्यातिथि नरेंद्र पाल सिंह सहोता ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस पेंशनर्स ने अपने जीवन का महत्त्वपूर्ण समय देश और समाज की सेवा में लगाया है। उनका अनुभव युवा पुलिस कर्मियों के लिए मार्गदर्शक है। अंत में सभी सदस्यों ने एसोसिएशन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
