सोलन में प्रीमियम डिजाइन वाली राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र, बाजारों में खरीददारी तेज

By: Aug 25th, 2026 12:03 am

निजी संवाददाता-सोलन
रक्षाबंधन नजदीक आते ही जिला सोलन के बाजारों में रौनक बढऩे लगी है। इस बार राखियों की खरीददारी में नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पारंपरिक मौली और रेशमी राखियों के साथ पर्सनलाइज्ड, रूद्राक्ष, नजरबट्टू और प्रीमियम डिजाइन वाली राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। खासकर युवा भाई-बहनों में अलग और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों को लेकर उत्साह है। प्रदेश के बाजार में भाई के नाम वाली पर्सनलाइज्ड राखियां विशेष पसंद की जा रही हैं। इन पर नाम, छोटा संदेश या पसंदीदा डिजाइन बनवाने की सुविधा मिल रही है।

बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, सुपरहीरो और रंग-बिरंगी राखियां भी उपलब्ध हैं। वहीं, तिरंगा थीम वाली राखियां भी युवाओं को आकर्षित कर रही हैं। रुद्राक्ष, ओम, गणेश और अन्य धार्मिक प्रतीकों वाली राखियों की भी मांग है। युवाओं में इविल आई यानी नजरबट्टू डिजाइन वाली राखियां पसंद की जा रही हैं।प्रीमियम श्रेणी में क्रिस्टल, स्टोन और आकर्षक मोतियों से तैयार राखियां भी दुकानों पर सजाई गई हैं। दुकानदारों के अनुसार ग्राहक अब कीमत के साथ डिजाइन, पैकिंग और राखी की खासियत को भी महत्व दे रहे हैं। बाजार में भाई-भाभी राखी सेट, गिफ्ट पैक और राखी कॉम्बो भी उपलब्ध हैं। राखियों के साथ मिठाई, चॉकलेट और छोटे गिफ्ट पैक भी दुकानों पर सजाए गए हैं।

स्वयं सहायता समूहों की हैंडमेड राखियां भी बनीं पसंद
रक्षाबंधन पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी आकर्षक हैंडमेड राखियां तैयार की हैं। मोती, धागे, रुद्राक्ष और सजावटी सामग्री से बनाई गई इन राखियों को ग्राहकों की पसंद के अनुसार तैयार किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App