रेस्टोरेंट और ढाबों पर छापे, पनीर फिंकवाया
सोलन में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, रेस्टोरेंट-ढाबों से दूध और बर्फी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को सोलन शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट, ढाबों और दुकानों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। इस दौरान एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में करीब पांच किलोग्राम बासी और खुले पनीर को फिंकवाया गया। विभागीय टीम ने इसके सैंपल भी लिए हैं। इसके अलावा एक अन्य रेस्टोरेंट से खुले पनीर के सैंपल लिए गए। टीम ने पैक्ड दूध और बेसन की बर्फी के सैंपल भी भरे हैं। विभाग के अनुसार सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यदि किसी सैंपल में गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित संस्थान को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों में हडक़ंप मच गया है। शहर में अगले तीन-चार दिनों तक खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान जारी रहेगा। प्रदेश सरकार ने बिना दूध से तैयार किए जाने वाले एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीक्षा के नेतृत्व में टीम ने सोलन शहर के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। टीम में सहायक मंजू ठाकुर भी मौजूद रहीं।
विभागीय टीम ने मंगलवार को सोलन शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट व ढाबों का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा एक अन्य संस्थान भी पनीर के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को लैब में भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने का इंतजार रहेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
डा. अतुल कायस्था सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
