बारिश बनी विलेन, गाद ने रोका पानी
अब एक दिन छोडक़र होगी सप्लाई, गिरि-गुम्मा योजना में महज 7 एमएलडी पानी, सुबह की सप्लाई दोपहर-दोपहर वाली शाम को पहुंची
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर पेयजल व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। शहर को पानी उपलब्ध करवाने वाली प्रमुख गिरि और गुम्मा पेयजल योजनाओं में भारी मात्रा में गाद आने के कारण पानी की उपलब्धता घटकर महज 7 एमएलडी रह गई है। पानी की कमी का सीधा असर शहर की सप्लाई व्यवस्था पर पड़ा है और अब शहरवासियों को एक दिन छोडक़र पानी की सप्लाई दी जाएगी। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण दोनों पेयजल योजनाओं में गाद की मात्रा बढ़ गई है। इसके चलते जल स्रोतों से पर्याप्त पानी उठाना मुश्किल हो रहा है। सामान्य दिनों के मुकाबले पानी की उपलब्धता कम होने से पेयजल कंपनी को शहर का सप्लाई शेड्यूल भी बदलना पड़ा है। जिन क्षेत्रों में सुबह के समय पानी पहुंचना था, वहां अब दोपहर में सप्लाई दी जा रही है। वहीं दोपहर में निर्धारित क्षेत्रों की सप्लाई को देर शाम तक खिसकाया जा रहा है। शहर में पानी की कमी को देखते हुए पेयजल कंपनी की ओर से टैंकरों के माध्यम से भी जरूरत वाले क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति पैदा नहीं होने दी जाएगी।
इसके लिए उपलब्ध सभी स्रोतों से पानी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बारिश के कारण गिरि और गुम्मा से पानी की उपलब्धता कम होने के बीच शिमला के लिए राहत की बात यह है कि सतलुज पेयजल योजना से पानी उठना शुरू हो गया है। हालांकि अभी इस योजना से करीब 15 एमएलडी पानी ही शहर तक पहुंच रहा है। सभी पेयजल योजनाओं को मिलाकर वर्तमान में करीब 35 एमएलडी पानी शिमला पहुंच रहा है। उपलब्ध पानी को देखते हुए कंपनी ने फिलहाल एक दिन छोडक़र शहर में पेयजल सप्लाई देने का निर्णय लिया है। पेयजल कंपनी ने शहरवासियों से पानी का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पहले से स्टोर रखने का आग्रह किया है। कंपनी के अनुसार बारिश के कारण जल स्रोतों में गाद की समस्या बनी हुई है। मौसम में सुधार होने और स्रोतों में गाद कम होने के बाद पानी की उपलब्धता बढऩे की उम्मीद है। तब सप्लाई व्यवस्था को भी सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल शहरवासियों को पानी के लिए एक दिन का अंतर रखना होगा। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे सप्लाई के समय पानी को व्यर्थ न बहाएं और आवश्यकता के अनुसार ही इसका इस्तेमाल करें, ताकि कम उपलब्धता के बीच सभी क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
