मूक-बधिर बच्चों के हाथों बनी राखियों ने मोहा मन

By: Aug 21st, 2026 12:51 am

अल्पाइन पब्लिक स्कूल में सजी राखी प्रदर्शनी, अभिभावकों ने खरीदकर बढ़ाया बच्चों का हौसला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
अल्पाइन पब्लिक स्कूल नालागढ़ में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष राखी प्रदर्शनी में मूक.बधिर बच्चों की प्रतिभा और हुनर आकर्षण का केंद्र रहे। प्रदर्शनी में लगाई गई सभी राखियां बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से तैयार की थीं। अभिभावकों ने राखियां खरीदकर बच्चों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार शकुंतला पटियाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बच्चों की ओर से तैयार राखियों का अवलोकन करते हुए उनके हुनर की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और ऐसे आयोजन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के साथ आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता की ओर बढऩे का अवसर देते हैं।

प्रदर्शनी का आयोजन स्कूल की डायरेक्टर प्रेम लता जोशी, डिप्टी डायरेक्टर रूमी जोशी, प्रिंसिपल बिंदु और वाइस प्रिंसिपल हरप्रीत सिंह की देखरेख में किया गया। प्रेम लता जोशी ने कहा कि रक्षाबंधन का संदेश केवल रक्षा के धागे तक सीमित नहीं है बल्कि विशेष बच्चों के प्रति समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और अपनत्व की भावना विकसित करना भी जरूरी है। प्रिंसिपल बिंदु ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों के हुनर और हौसले को मंच देने के साथ उनमें आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत करना है। प्रदर्शनी के दौरान बच्चों में अपनी बनाई राखियों को लोगों के सामने प्रदर्शित करने को लेकर खासा उत्साह दिखा। स्कूल प्रशासन ने मुख्यातिथि, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App