राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान के नाम पर देश को बांटने की कोशिश, राठौर ने भाजपा पर जड़े आरोप

By: Aug 24th, 2026 4:14 pm

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया है कि भाजपा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषयों को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाकर देश का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और अन्य जनसरोकार के मुद्दों से भटका रही है। वहीं उन्होंने केंद्र के इशारे पर हिमाचल भाजपा द्वारा प्रदेश की राजनीति को खराब करने का आरोप भी लगाया है। कुलदीप राठौर सोमवार को विधानसभा परिसर स्थित रूलिंग लॉज में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

राठौर ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों देश की विरासत और सम्मान के प्रतीक हैं तथा इन्हें राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम ने देशभक्ति की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वर्ष 1934 में सीडब्ल्यूसी की बैठक, जिसमें जिसमें जवाहरलाल नेहरू और सुभाष चंद्र बोस जैसे नेता शामिल थे। उसमें रवीन्द्रनाथ टैगोर के सुझाव पर राष्ट्रगीत के पहले दो छंद गाए जाने का फैसला हुआ था। आजादी के बाद भी वर्षों तक यही व्यवस्था चली और इस पर कभी कोई विवाद नहीं हुआ। कुलदीप राठौर ने कहा कि हाल के दिनों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान को लेकर जिस तरह का विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह पूरी तरह राजनीतिक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय सम्मान के किसी भी प्रतीक से कोई आपत्ति नहीं है। स्वतंत्रता दिवस सहित कांग्रेस के कार्यक्रमों में पहले राष्ट्रगान और समापन पर राष्ट्रगीत गाया जाता है। लेकिन राष्ट्रीय प्रतीकों को राजनीतिक हथियार बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में पहले धर्म, फिर जाति और अब राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान जैसे मुद्दों के जरिए समाज को विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप था कि भाजपा लगातार ऐसे मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटाना चाहती है। कुलदीप राठौर ने कहा कि आज देश का युवा बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा और रोजगार के अवसरों की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है और सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। शिक्षा व्यवस्था को रोजगार से जोडऩे और गरीब छात्रों के लिए उच्च शिक्षा सुलभ बनाने पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने बढ़ती महंगाई पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि खाद्य वस्तुओं और चीनी की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। उनका आरोप था कि एथेनॉल नीति के कारण गन्ने का बड़ा हिस्सा ईंधन उत्पादन में इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे चीनी महंगी हो रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से आम उपभोक्ताओं को अपेक्षित लाभ नहीं मिला, जबकि वाहनों और कृषि उपकरणों पर इसका असर पडऩे की शिकायतें सामने आ रही हैं। राठौर ने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम ऊंचे बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करों के बोझ के कारण जनता को राहत नहीं मिल रही और केंद्र सरकार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष के वायरल हो रहे विडियो का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यदि राष्ट्रगीन के दौरान उनके कार्यक्रम स्थल छोडऩे का वीडियो सही है तो यह गंभीर विषय है और इसकी जांच होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का उल्लेख करते हुए राठौर ने कहा कि राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान के विवाद के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई, जिससे जनता के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का समय नष्ट हुआ। उन्होंने भाजपा से आग्रह किया कि विधानसभा के शेष समय का उपयोग प्रदेश और जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा के लिए किया जाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र के इशारे पर हिमाचल भाजपा प्रदेश की राजनीति को खराब करने का प्रयास कर रही है। वहीं उन्होंने सोमवार को विधानसभा परिसर में भाजपा के प्रदर्शन को गैर जरूरी मुद्दों वाला बताया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश की जनता अब वास्तविक मुद्दों को समझ रही है और सरकार को राजनीतिक विवाद खड़े करने के बजाय महंगाई, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक चुनौतियों के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App