मशोर गांव में धराशायी हुआ रिहायशी मकान
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; रसोई और ओबरा समेत घरेलू सामान मलबे में दबा
निजी संवाददाता-नौहराधार
तहसील नौहराधार की घंडूरी पंचायत के मशोर गांव में एक मकान अचानक धराशायी हो गया। हादसे में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन मकान के साथ रसोई और निचला ओबरा पूरी तरह ध्वस्त होने से घरेलू सामान व अनाज मलबे में दब गया। इससे गरीब परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मशोर निवासी जय चंद शर्मा का मकान सुबह अचानक गिर गया। बताया जा रहा है कि मकान की दीवारों में पहले से दरारें आई हुई थीं। हादसे के समय परिवार का कोई सदस्य मकान के अंदर मौजूद नहीं था, जिससे जानी नुकसान होने से बच गया।
हालांकि, मकान में रखा आवश्यक घरेलू सामान और अनाज मलबे के नीचे दबने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। ग्राम पंचायत घंडूरी की प्रधान नीलम कंवर ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को नियमानुसार जल्द उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध करवाने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने बताया कि मकान की हालत पहले से खराब थी और दीवारों में दरारें आ गई थीं। अचानक मकान गिरने से उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। परिवार ने प्रशासन से शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
