कांग्रेस अध्यक्ष-प्रभारियों का आएगा रिजल्ट, राजीव भवन में बैठक आज, पदाधिकारियों के अब तक के कार्यकाल की होगी समीक्षा
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस के संगठनात्मक जिलों में तैनात अध्यक्षों के कामकाज की गुरुवार को समीक्षा होगी। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलों में लगाए गए प्रभारियों के कामकाज का भी आकलन होगा। पार्टी प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में होने समीक्षा बैठक में कांग्रेस के प्रदेश मामलों के प्रभारी विदित चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। शिमला स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में यह समीक्षा बैठक होगी, जिसमें पार्टी के प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस बैठक को लेकर जिला अध्यक्षों को पूर्व में ही अब तक कार्यकाल में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आयोजित की गई गतिविधियों और कार्यक्रमों का ब्यौरा लाने को कहा गया है।
इसके अलावा बैठक में यह भी देखा जाएगा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को जिला का प्रभार सौंपने के बाद उनकी मौजूदगी कितनी रही है। बताया जा रहा है कि कामकाज की समीक्षा करने के उपरांत एक विस्तृत रिपोर्ट पार्टी तैयार करेगी और इसे हाईकमान को सौंपा जाएगा। पदाधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर उनका भविष्य तय होगा। बता दें कि कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाई गई व्यवस्था के तहत पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा करने के उपरांत इन्हें तीन अलग-अलग जोन में रखा जाएगा। जिन पदाधिकारियों का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया जाता है, उन्हें पार्टी चेतावनी देकर आवश्यक सुधार का मौका देगी या फिर उन्हें पदमुक्त भी किया जा सकता है।
हर तीन महीने बाद होगा कामकाज का मूल्यांकन
कांग्रेस ने धरातल पर पार्टी को मजबूत करने के लिए संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की है। पार्टी ने जिला अध्यक्षों समेत पार्टी पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा हर तीन माह के अंतराल में करने का फैसला लिया है। लिहाजा नियुक्तियों के बाद प्रदेश में यह पहला मौका है, जब जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा होने जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
