साई हमीरपुर के बैडमिंटन खिलाड़ी चमके, नादौन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नौ गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता

By: Aug 13th, 2026 9:35 pm

कार्यालय संवाददाता— हमीरपुर

साई हमीरपुर के बैडमिंटन खिलाडिय़ों ने राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में 10 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाडिय़ों ने टूर्नामेंट में नौ गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता है। साई सेंटर हमीरपुर प्रभारी दिव्या तिवारी शर्मा ने इसके लिए विजेता खिलाडिय़ों और उनके कोच को शुभकामनाएं दी हैं। नादौन में जूनियर एवं सीनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में साई एनसीईओ हमीरपुर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया है। साई हमीरपुर के जूनियर वर्ग में देवांश राणा, शिवांश राणा, प्रज्ञा वर्मा, गरिमा वर्मा और श्रेया राणा का जूनियर स्टेट चैंपियनशिप के पांच इवेंट्स में पांच गोल्ड मेडल जीतकर क्लीन स्वीप किया है।

सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में साई एनसीओई हमीरपुर के सीनियर वर्ग के बैडमिंटन खिलाडिय़ों ने चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता। इसमें शिवांश, करण शर्मा, आर्या मेहता, प्रज्ञा वर्मा, गरिमा वर्मा और पाखी का चयन नेशनल एवं नॉर्थ जोन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। खिलाडिय़ों की यह उपलब्धि साई हमीरपुर में खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता है। प्रभारी दिव्या तिवारी शर्मा ने विजेता खिलाडिय़ों और कोच प्रेमलाल व नेहा को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App