नौ करोड़ से बदलेगी साई सडक़ की तस्वीर
सडक़ होगी और चौड़ी; दोनों ओर बनेगी ड्रेनेज, जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
लंबे समय से जलभराव, गड्ढों और क्षतिग्रस्त सडक़ की समस्या से जूझ रहे बद्दी के व्यस्त साई मार्ग के स्थायी सुधार की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम बद्दी ने सडक़ के चौड़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 8.89 करोड़ रुपए की परियोजना पर काम शुरू किया है। मंगलवार को निगम प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। नगर निगम बद्दी के ज्वाइंट कमिश्नर अंकुर ठाकुर ने बताया कि साई रोड की खराब हालत के पीछे कई कारण हैं। भारी मानसूनी बारिश के दौरान जलभराव से सडक़ को लगातार नुकसान पहुंचा। वहीं कई स्थानों पर नालियों पर अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई।
गैस पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी सेवाओं के लिए समय-समय पर की गई सडक़ कटिंग ने भी मार्ग की हालत बिगाड़ी। इन परिस्थितियों को देखते हुए अब केवल पैचवर्क के बजाय सडक़ के दीर्घकालीन सुधार पर ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर तीन स्थित पानी की टंकी से राधा स्वामी सत्संग तक साई रोड के चौड़ीकरण और ड्रेनेज सुधार के लिए 8.89 करोड़ रुपये का टेंडर आवंटित किया जा चुका है। परियोजना के तहत सडक़ को दोनों ओर ड्रेन सहित 8.5 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। दोनों तरफ नालियां बनने से बरसात के पानी की निकासी सुचारू होगी और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्य परियोजना के साथ सडक़ के अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी शुरू कर दी गई है। संगम के पास तथा धर्मकांटा से दावत चौक तक मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। एरिस्ट फैक्ट्री के पास करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।
नगर निगम की अपील, गड्ढों में मिट्टी डालने से बचें
नगर निगम ने स्थानीय लोगों से सडक़ के गड्ढों में स्वयं ढीली मिट्टी डालकर मरम्मत न करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार मिट्टी दोपहिया वाहनों के लिए फिसलन पैदा कर हादसे का कारण बन सकती है। लोगों से सडक़ की समस्या की सूचना निगम को देने का आग्रह किया गया है। ज्वाइंट कमिश्नर अंकुर ठाकुर ने कहा कि सुधार कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
